सीटू संबंधित आंगनबाड़ी एवं हेल्पर वर्कर यूनियन ने बैठक कर उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सीटू संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर वर्कर यूनियन ने सरकार से मानदेय की वृद्धि को एरियर के साथ जारी करने की मांग की है। यूनियन की बैठक रविवार को हुई। इस दौरान एक से तीन दिसंबर को सीटू के दिल्ली घेरो कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई गई। साथ ही यूनियन की ओर से बजट सत्र में की गई घोषणाओं को भी पूरा करने की मांग की गई।
यूनियन नेता मीना मेहता, हरदेई ठाकुर व ऊषा देवी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बजट में मानदेय वृद्धि तो की थी, लेकिन सरकार ने इसे जारी नहीं किया। अब एक नवंबर को राशि देने की बात सरकार ने कही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 22 अक्तूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 10,500 रुपये से बढ़ाकर 11,500 और सहायिकाओं का मानदेय 5,800 से बढ़ाकर 6,800 रुपये प्रतिमाह किया गया है। कहा कि प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बच्चों के पोषण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा मातृ-शिशु कल्याण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं।