अस्पताल को एसजेवीएनएल दे रहा लाखों के आधुनिक बेड
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। मातृ एवं शिशु कमला नेहरू अस्पताल में आधुनिक छह डिलिवरी बेड लगाए जा रहे हैं। इन आधुनिक बेड के लगने से अस्पताल में डिलिवरी के लिए आने वाली महिलाओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। एसजेवीएनएल लिमिटेड अस्पताल को इन बेड को भेंट कर रहा है। करीब पंद्रह लाख के इन बेड की जल्द सप्लाई अस्पताल में पहुंच जाएगी। इसके बाद इन्हें अस्पताल के डिलिवरी रूम में स्थापित कर दिया जाएगा। अस्पताल के एमएस डॉ. सुंदर सिंह नेगी ने बताया कि डिलिवरी बेड जल्द अस्पताल पहुंच रहे हैं। एसजेवीएनएल लिमिटेड इन बेड को भेंट कर रहा है। कमला नेहरू अस्पताल में पूरे प्रदेश से महिला मरीज आती हैं। यहां जटिल केस अधिक आते हैं। इन आधुनिक सुविधा वाले बिस्तरों के आने पर महिला मरीजों को बेहतर उपचार और प्रसव करवाने की बेहतर सुविधा मिलेगी। वर्तमान में अस्पताल में जो डिलिवरी बेड हैं, वे पुराने हो चुके हैं, वहीं यहां आने वाले डिलिवरी के केस और रोज होने वाली औसतन बीस से अधिक डिलिवरी के लिए कम पड़ जाते हैं।