फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal News: दिल्ली-शिमला, शिमला-धर्मशाला उड़ान सेवा शुरू, शिमला एयरपोर्ट पर विमान को दिया गया वॉटर सैल्यूट

Mon, 11 May 2026 06:12 PM IST
Ankesh Dogra विश्वास भारद्वाज, शिमला।

सार

सोमवार को एलायंस एयर की पहली उड़ान के शिमला जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहुंचने पर विमान को वॉटर सैल्यूट दिया गया और एयरपोर्ट स्टाफ ने यात्रियों का फूल देकर स्वागत किया। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
शिमला एयरपोर्ट पर विमान को दिया गया वॉटर सैल्यूट - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सात महीने के अंतराल के बाद प्रदेश में दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला हवाई सेवाएं पुनः शुरू हो गई हैं। सोमवार को एलायंस एयर की पहली उड़ान के शिमला जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहुंचने पर विमान को वॉटर सैल्यूट दिया गया और एयरपोर्ट स्टाफ ने यात्रियों का फूल देकर स्वागत किया। दिल्ली से शिमला पहुंचे विमान में आठ यात्री सवार थे, जबकि शिमला से धर्मशाला के लिए दो यात्री रवाना हुए। धर्मशाला से शिमला पांच यात्री पहुंचे और शिमला से दिल्ली के लिए पांच यात्रियों ने उड़ान भरी। सोमवार को खराब दृश्यता के कारण विमान जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर पाया था।

विज्ञापन


एलायंस एयर इन रूटों पर एटीआर-42 (600) विमान का संचालन करेगी। तकनीकी रूप से यह 48 सीटों वाला विमान है, लेकिन जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट की भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई और छोटे रनवे के कारण विमान को सीमित पेलोड के साथ संचालित करना पड़ता है। दिल्ली से शिमला आने वाली उड़ान में लगभग 47 यात्री लाए जा सकते हैं, जबकि शिमला से दिल्ली उड़ान भरते समय अधिकतम 24 से 28 यात्रियों को ही बैठाया जा सकेगा।



शिमला-धर्मशाला रूट पर भी मौसम और रनवे की स्थिति के अनुसार यात्रियों की संख्या सीमित रखी जाएगी। बीते वर्ष 25 सितंबर 2025 को एलायंस एयर और प्रदेश सरकार के बीच हुआ करार समाप्त होने के बाद 2 नवंबर 2025 से उड़ान सेवाएं बंद हो गई थीं। अब सेवाएं दोबारा शुरू होने से पर्यटन कारोबार और यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि इस बार किराए में भारी वृद्धि हुई है। दिल्ली-शिमला रूट पर किराया करीब 4500 रुपये से बढ़कर 7441 रुपये हो गया है, जबकि शिमला-धर्मशाला रूट पर किराया 2100 रुपये से बढ़कर 4125 रुपये पहुंच गया है।

सोमवार से दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला के बीच हवाई सेवाएं बहाल हो गई हैं। शिमला एयरपोर्ट पर विमान को वॉटर सैल्यूट दिया गया और यात्रियों का फूल देकर स्वागत किया गया। - सतीश कुमार, निदेशक, भारतीय विमानपतन प्राधिकरण शिमला एयरपोर्ट

फ्लाइट का शेड्यूल और टाइम टेबल
दिल्ली-शिमला-दिल्ली उड़ानें सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित होंगी। सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को फ्लाइट सुबह 7:20 बजे दिल्ली से रवाना होकर 8:35 बजे शिमला पहुंचेगी और वापसी में 11:30 बजे शिमला से उड़ान भरकर 12:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी। शनिवार को दिल्ली से सुबह 7:50 बजे और रविवार को सुबह 6:20 बजे उड़ान रवाना होगी। शिमला-धर्मशाला-शिमला हवाई सेवा सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित होगी। सोमवार से शुक्रवार तक फ्लाइट सुबह 9:00 बजे शिमला से रवाना होकर 9:50 बजे धर्मशाला पहुंचेगी तथा वापसी में 10:15 बजे धर्मशाला से उड़ान भरकर 11:05 बजे शिमला पहुंचेगी। शनिवार को समय में आंशिक बदलाव रहेगा।
विज्ञापन

विमान को वॉटर सैल्यूट क्यों दिया जाता है?
वॉटर सैल्यूट एक सम्मानजनक परंपरा है, जिसमें फायर ब्रिगेड के वाहनों से विमान के ऊपर पानी की दो धाराएं (आर्क) बनाकर छोड़ी जाती हैं। यह विमान को अभिनंदन विदाई या सम्मान देने का प्रतीक है।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें