लॉरेंस बिश्नोई के नाम से दी है धमकी
वीडियो बनाने से रोकने के लिए भेजे अभद्र संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के संजौली में सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। आरोप लगाया है कि लॉरेंस बिश्नोई के नाम से इसे धमकी दी है।
गदर फ्रंट के संयोजक रवि कुमार ने इस संबंध में संजौली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार फेसबुक मैसेंजर पर एक व्यक्ति ने उन्हें धमकी भरे और अभद्र संदेश भेजे। आरोप है कि संदेशों में उन्हें वीडियो बनाना बंद करने की चेतावनी दी और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। आरोपी ने संदेशों में खुद को लॉरेंस बिश्नोई का आदमी बताया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह पिछले कई वर्षों से संजौली क्षेत्र में रह रहे हैं। आठ नवंबर की रात को जब उन्होंने अपना फेसबुक मैसेंजर चेक किया तो उन्हें संबंधित व्यक्ति की ओर से भेजे गए धमकी भरे संदेश मिले। इनमें कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से धमकियां दी जाती रही हैं। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।