दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) रिपन अस्पताल
- फोटो : अमर उजाला
डेडिकेटिड कोविड केयर सेंटर दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) रिपन अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव महिला की आत्महत्या के बाद गुरुवार को अव्यवस्था से बचने के लिए अब मरीजों को घर भेजना शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को एक साथ 40 मरीजों को घर भेजा गया है।
कोविड के नए नियमों के मुताबिक इन सभी के दस दिन पूरे होने और लक्षण न होने का हवाला दिया जा रहा है। लेकिन, कुछ तीमारदारों ने इस पर सवाल उठाए हैं। डीडीयू के एमएस लोकेंद्र शर्मा ने 40 मरीजों को घर भेजने की पुष्टि की है।
उधर, अस्पताल प्रबंधन समेत तमाम डॉक्टरों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटकने को लेकर वीरवार को हड़कंप का माहौल बना रहा। एक ओर जहां स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारी मामले की जांच में जुटे रहे तो दूसरी ओर कोरोना पॉजिटिव मरीजों के उपचार में तैनात डॉक्टरों के सुर बदले नजर आए।
तीमारदारों ने बताया कि अब डॉक्टर मरीजों के लिए भागदौड़ कर रहे हैं। काढ़े-नाश्ते समेत दवा ली या नहीं, इसकी जानकारी ले रहे हैं। तीमारदारों ने बताया कि यह व्यवस्था एक दिन न होकर हर समय होनी चाहिए ताकि दाखिल मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।