पर्ची और फीस काउंटर पर लगी रही लोगों की लाइनें
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में सोमवार को मरीजों को बिजली के बार-बार गुल होने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कट लगने के बाद बिजली आने पर सिस्टम को दोबारा शुरू होने में दस से पंद्रह मिनट लगते रहेे। इससे पर्ची काउंटर और फीस जमा करने खड़े लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं।
डीडीयू अस्पताल में सोमवार को मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थो, गायनी, बालरोग, चर्मरोग, डेंटल और नेत्ररोग ओपीडी में सैकड़ों की तादाद में मरीज उपचार करवाने के लिए आए थे। लेकिन अस्पताल में बिजली कट के कारण सिस्टम ठप हो गए। लाइट जब आई तो उसके बाद पर्ची और फीस काउंटरों पर लगे सिस्टम शुरू किए गए। इसके कुछ देरी बाद फिर से बिजली गुल हो गई। सुबह से लेकर दोपहर तक यह बार-बार बिजली गुल होती रही। इस वजह से मरीजों की पर्चियां जहां देरी से बनीं वहीं ओपीडी में उपचार भी देरी से मिला। अस्पताल में उपचार करवाने आए मरीजों और उनके तीमारदारों ने प्रबंधन से मांग की है कि वह अपनी व्यवस्थाओं में सुधार लाएं। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि लाइट जाने के बाद जनरेट से लाइट तो आ जाती है लेकिन सिस्टम नहीं चलते। लिहाजा जब लाइट आती है तब ही सिस्टम चलते हैं। इनके चलने में बीस मिनट का समय लग जाता है।
अब दोबारा आना पड़ेगा अस्पताल
लोगों ने बताया कि बार-बार बिजली गुल होने से चेकअप में काफी वक्त लग गया। अब डॉक्टरों ने टेस्ट के लिए लिखा है लेकिन अब यह नहीं हो पाएंगे। डीडीयू अस्पताल में दोपहर 12 बजे तक ही टेस्ट फार्म लिए जाते हैं। इसके बाद सैंपल लेकर इनकी रिपोर्ट दोपहर तीन बजे मरीजों को दी जाती है। अब मंगलवार को दोबारा अस्पताल में आना पड़ेगा।