इस बीच ग्राम पंचायत प्रधान ने टीम के लोगों से आग्रह किया कि पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस में खाना खा कर चले जाना। मौके पर किए निरीक्षण की रिपोर्ट भी रेस्ट हाउस में ही तैयार की। पार्टी में वे लोग भी शामिल हो गए जिन पर वन भूमि पर अतिक्रमण के गंभीर आरोप हैं। रात करीब साढ़े नौ बजे लोग निकलने लगे।
इसी बीच पटवारी संदीप और पूर्व उपप्रधान संतोष आपस में बात करते जैसे ही गले मिलने लगे तो वे दोनों खिड़की से बाहर गिर गए। इसके बाद इन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल लाया गया। करीब रात एक बजे संदीप और संतोष को दाखिल किया गया। करीब रात 2:50 बजे पटवारी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। संतोष का इलाज चल रहा है।
नायब तहसीलदार विपिन वर्मा ने बताया कि पांदली पंचायत प्रधान के आग्रह पर रेस्ट हाउस में रात को खाना खाने के बाद जब घर जा रहे थे तो यह हादसा हो गया। वन भूमि पर जिन्होंने अतिक्रमण किया है, उनका इस मामले में कोई लेना-देना नहीं है। अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी कर दिए हैं। पटवारी संदीप एसआईटी का सदस्य नहीं था। उसके तहत आने वाले इलाके में किसी दूसरे कानूनगो और पटवारी की डयूटी लगाई गई थी।
एएसपी सिटी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि दोबारा नए सिरे से जांच की गई। पार्टी में मौजूद अधिकांश लोगों के बयान ले लिए गए हैं। अब तक की जांच में मौत की वजह गिरना ही लग रहा है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।