मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला में बैठक कर जीएसटी सरलीकरण और मार्केट फीस हटाने पर फैसला लिया जाएगा। सोमवार को मंडी के निजी होटल में प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक में सीएम ने व्यापारियों को शिमला आने का न्योता दिया। इस दौरान कारोबारियों ने सीएम के समक्ष जीएसटी का सरलीकरण और एक फीसदी मार्केट फीस हटाने की मांग रखी। आए दिन जीएसटी में हो रहे बदलाव पर रोक लगाने और इस एक्ट में व्यापारी की संपत्ति को अटैच करने का प्रावधान भी समाप्त करने की गुहार लगाई। सीएम ने मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। सीएम ने प्रदेश व्यापार मंडल से आह्वान किया कि पूर्ण राज्यत्व के स्वर्णिम 50 वर्षों के उपलक्ष्य में एक सम्मेलन करवाया जाए।
इसके माध्यम से 50 वर्षों के सूबे के व्यापारिक इतिहास के बारे में लोगों को जानकारी दी जाए। प्रदेश के विकास में व्यापारी वर्ग का भी अहम योगदान रहा है। 50 वर्ष पहले व्यापार किन चुनौतियों के साथ होता था। इस दौरान किस तरह इस क्षेत्र में प्रगति हुई है, इन सभी बातों को सम्मेलन के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। भावी युवा पीढ़ी को व्यापारी वर्ग के इतिहास के बारे में जानकारी होना जरूरी है। इस दौरान व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुमेश शर्मा के अलावा ऊना से राकेश कालिया, बिलासपुर से नगीन चंद्र पाल और महिपाल सांख्यान, सोलन से मुकेश गुप्ता, मंडी से राजा महेंद्रू आदि मौजूद रहे। इससे पहले पहले सीएम ने मंडी रियासत के राजपरिवार के मुखिया स्वर्गीय राजा अशोक सेन के निधन पर उनके घर जाकर शोक व्यक्त किया। इसके बाद क्लस्टर यूनिवर्सिटी मंडी के लोगो का भी विमोचन किया।