श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। आउटसोर्स कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से दबट और माकड़ी पेयजल योजना तीन दिन से बंद पड़ी है। आपूर्ति नहीं होने से श्री नयना देवी के क्षेत्र में पेयजल की किल्लत शुरू हो गई है। लोग पेयजल के लिए प्राकृतिक स्त्रोत पर निर्भर हो चुके हैं। कई जगह पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। दबट और माकड़ी पेयजल योजना पर कार्यरत 38 आउटसोर्स कर्मचारी मानदेय नहीं मिलने पर हड़ताल पर हैं।
आउटसोर्स कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें सात माह से मानदेय नहीं मिला है। इसके चलते उन्हें मजबूरन काम बंद करना पड़ा है। मानदेय नहीं मिलने से परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। उधर, इन योजनाओं से पेयजल आपूर्ति नहीं होने से क्षेत्र के दर्जनों गांव में पेयजल की किल्लत होना शुरू हो गई। श्री नयनादेवी जी नगर में भी पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके कारण अब श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या से दो चार होना पड़ सकता है।
ठेकेदार गोपाल महाजन ने बताया कि जल शक्ति विभाग से 80 लाख रुपये लेना है, जिसके चलते आउटसोर्स कर्मचारियों को मानदेय देने के लिए बजट नहीं है। जल शक्ति विभाग बस्सी डिवीजन के एसडीओ सुरेश कुमार ने बताया कि कोठीपुरा में खुला सब डिवीजन कार्यालय बंद हो चुका है। ऐसे में अब सारे कार्य बिलासपुर से हो रहे हैं। ठेकेदार की पेमेंट को क्लियर करने में 15 दिन का समय लगेगा। ठेकेदार को कहा है कि पानी की नियमित सप्लाई चलाएं।