रिज पर लगे खाने-पीने के स्टालों पर भी लोगों की भीड़ रही। पंजाब से अपने दोस्तों के साथ शिमला घूमने पहुंचे गुरप्रीत सिंह, अमनदीप और प्रिया ने कहा कि वे गर्मी से राहत पाने के लिए शिमला आए हैं।
इससे पहले भी वे शिमला आ चुके हैं, लेकिन इस बार समर फेस्टिवल से नजारा बदला हुआ है। कहा कि उनका बुधवार को मनाली जाने का भी कार्यक्रम था, लेकिन समर फेस्टिवल को देखने के बाद गुरुवार तक शिमला में ही रहने का इरादा है।
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के समापन अवसर पर गुरुवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्रीष्मोत्सव की स्मारिका का भी विमोचन करेंगे।
उपायुक्त अमित कश्यप ने बताया कि आखिरी संध्या पर पार्श्व गायक फरहान साबरी और मधुश्री भट्टाचार्य मुख्य आकर्षण रहेंगे। अंतिम संध्या का समापन रात्रि 12 बजे होगा। शाम चार से पांच बजे तक छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
शाम पांच से छह बजे के बीच भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से राज्य स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें मंडी, किन्नौर और कांगड़ा जिलों के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
छह से आठ बजे के बीच हिमाचली कलाकार पंचम कुमार, कुलदीप नाहर, मुकेश कुमार, मनीषा देवलस्या, डॉ. लहरू राम सांख्यान, राजेंद्र कुमार, शिवदत्त ठाकुर, शमशेर शेरा कॉन्सेटा, संतोष कुमार, पूजा, हेमराज, गोपाल शर्मा, आशा, पुष्कर तेजी और तनिष्क शर्मा सहित गीता भारद्वाज और हेमंत शर्मा भी प्रस्तुति देंगे।
25 दलों की होगी सांस्कृतिक परेड
गुरुवार सायं तीन से पांच बजे के बीच भव्य सांस्कृतिक परेड आयोजन किया जाएगा। इस परेड में ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन से संबद्ध देशभर के 25 सांस्कृतिक दल, प्रदेश के सभी जिलों के सांस्कृतिक दल और विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे 27 देशों के छात्र और तिब्बतियन इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स के कलाकार भाग लेंगे। यह परेड एसबीआई से सीटीओ, रिज होते हुए रानी झांसी पार्क तक निकाली जाएगी। सीटीओ से एडवांस स्टडी तक हेरिटेज वॉक भी आयोजित की जाएगी। गेयटी थियेटर में यूथ रॉक बैंड प्रतियोगिता होगी।