कांगड़ा जिले के बैजनाथ उपमंडल के तारापुरी बाजार में वीरवार देर रात सड़क किनारे पार्क एचआरटीसी और सीटीयू चंडीगढ़ की दो बसों में शरारती तत्वों ने आग लगा दी। सूचना के बाद दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन बसों के अगले हिस्से पूरी तरह जल गए हैं। एचआरटीसी कर्मचारी सुनील कुमार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के हाथ लगी सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक देर रात बाजार में घूमता दिखाई दे रहा है। युवक की पहचान की जा रही है।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात करीब साढ़े 12 बजे जोगिंद्रनगर की ओर से आ रहे कुछ युवकों ने पुलिस को बसों में आग लगने की सूचना दी। देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। तब तक बसों का फ्रंट हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। इससे पूर्व भी इसी क्षेत्र में एक पुरानी कार में आग लग चुकी है।
लगातार घटनाओं से लोगों में दहशत है और वाहन मालिक अब रात को सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से डर रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा और विधायक किशोरी लाल ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।