शिमला। नाग पंचमी पर राजधानी के शिवालयों में सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। शहर से सटे शोघी स्थित माहुंनाग मंदिर शगीन में विशेष आयोजन किया गया। मंदिर में हाथों में पूजा की थालियां और जुबां पर भोलेनाथ के जयकारे लिए भक्त भगवान शिव और नाग देवता के दर्शन के लिए दिनभर पहुंचते रहे। मंदिर में सुबह पांच बजे से विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान शुरू हुए। शहर के मिडिल बाजार स्थित शिव मंदिर में सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह आठ बजे के बाद दर्शन के लिए कतारें लग गईं। नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के साथ नाग देवता की विधिवत पूजा की। माहुंनाग मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजनों के चलते सुबह से शाम तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।