जाखू हनुमान मंदिर में बारह हजार, तारादेवी में चार हजार और संकट मोचन मंदिर में छह हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
विज्ञापन
कालीबाड़ी मंदिर में भी सैकड़ों लोगों ने शीश नवाया संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। नव वर्ष पर शहर के शहर के मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। राजधानी के जाखू हनुमान मंदिर, शोघी स्थित तारादेवी मंदिर, कालीबाड़ी मंदिर और संकट मोचन मंदिर में वीरवार को दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। मंदिरों में करीब 22 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
शहर के जाखू हनुमान मंदिर को नव वर्ष के लिए विशेष तौर पर सजाया गया था। मंदिर के कपाट सुबह 4:00 बजे खुल गए थे। सुबह से ही मंदिरों में आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगना शुरू हो गईं थी। इसके साथ ही जाखू हनुमान मंदिर, तारादेवी मंदिर और संकट मोचन में हजारों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। कालीबाड़ी मंदिर में भी शहर के आसपास के क्षेत्रों से लोग आशीर्वाद लेने पहुंचे। कालीबाड़ी मंदिर में दोपहर की आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान भक्तों ने माता के जयकारे लगाकर अपनी आस्था जताई। जाखू हनुमान मंदिर के पुजारी बीपी शर्मा ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देने के बाद बताया कि मंदिर में सुबह से श्रद्धालु दर्शनों के लिए आने लग गए थे। उन्होंने बताया कि नव वर्ष पर मंदिर में करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। संकटमोचन मंदिर के प्रबंधक अनूप चौहान ने बताया कि सुबह से शाम तक मंदिर में करीब छह हजार श्रद्धालु शीश नवा चुके थे। तारादेवी मंदिर के पंडित ने बताया कि मंदिर में करीब 4 हजार भक्त माता के दर्शन कर चुके हैं।