शिमला में नवरात्रि के चौथे दिन मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। कालीबाड़ी और तारा माता मंदिर सहित कई मंदिरों में भक्त दर्शन और प्रसाद के लिए लंबी कतारों में दिखे। धार्मिक उत्साह चरम पर रहा।
शिमला। चौथे नवरात्र पर शहर के मंदिरों में श्रद्रालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर शहर के कालीबाड़ी मंदिर में कुष्मांडा माता के दर्शनों के लिए सैकड़ों भक्त पहुंचे। इस अवसर पर सुबह 6:00 बजे मंदिरों के कपाट खुलने के बाद विधि-विधान से माता को पीले वस्त्र पहना कर सजाया गया। इसके बाद माता को पीले फूल और पीली मिठाई चढ़ाकर पूजा अर्चना की गई। सुबह नौ बजे से ही शहर के कालीबाड़ी मंदिर, बीसीएस के तारा माता मंदिर, तारा देवी मंदिर और ढिंगु माता मंदिर में भक्तों की कतारें लगना शुरू हो गई थीं। इस अवसर पर सभी भक्त मंदिरों का भंडारा भी ग्रहण कर रहे हैं। बीसीएस के तारा माता मंदिर में दोपहर को माता के प्रसाद के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। सभी माता के प्रसाद के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए। संवाद