वहीं, दाड़लाघाट विद्युत बोर्ड कार्यालय के 23 लोगों के स्टाफ को एहतियात के तौर पर होम क्वारंटीन कर दिया गया है। कार्यालय को बंद कर सैनिटाइज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कार्यालय का एक कर्मचारी बिलासपुर में शादी समारोह में गया था। इसके वहां क्वारंटीन सेंटर से भागे बस परिचालक के संपर्क में आने की बात कही जा रही है। कर्मचारी बिलासपुर से सीधे ड्यूटी पर पहुंच गया।
एहतियात के तौर पर कार्यालय स्टाफ ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी और विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी। सभी कर्मचारियों के मंगलवार को सैंपल लिए जाएंगे, जिन्हें जांच के लिए कसौली भेजा जाएगा। उधर, विद्युत बोर्ड के एसडीओ ओमप्रकाश ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के बाद होम क्वांरटीन किए गए स्टाफ सदस्यों के मंगलवार को सैंपल लिए जाएंगे। इसके लिए सभी कर्मचारियों के नाम और पता मांगा गया है। वह स्वयं होम क्वारंटीन हैं।
होम क्वारंटीन किया है स्टाफ
बीएमओ अर्की राधा शर्मा ने बताया कि विद्युत कार्यालय दाड़लाघाट में कार्यरत समस्त स्टाफ को होम क्वारंटीन रहने के आदेश दे दिए हैं। बिलासपुर प्रशासन ने बताया था कि दाड़लाघाट में कार्यरत कर्मी बिलासपुर में किसी शादी समोरह के लिए गया था जिस कारण सुरक्षा के आधार पर समस्त स्टाफ को होम क्वारंटीन किया गया है।