निशांत सरीन(फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
नोटिस के बावजूद यदि आरोपी विजिलेंस के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ तो पुलिस उसे गिरफ्तार करेगी। बद्दी में तैनात रहे सहायक दवा नियंत्रक निशांत सरीन के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार को एक साथ उसके घर और दफ्तर समेत सात ठिकानों पर दबिश दी थी। विजिलेंस टीमें सोलन, शिमला, बद्दी, बिलासपुर, चंडीगढ़, पंचकूला और जीरकपुर पहुंची।
बद्दी दवा नियंत्रक कार्यालय में करीब ढाई घंटे तक टीम फाइलें खंगालती रहीं। छानबीन के दौरान चंडीगढ़ में आरोपी की रिहायश से विदेशी शराब और जीरकपुर से नकदी बरामद हुई है। इस दौरान दबिश की भनक लगते ही सरीन गायब हो गया। विजिलेंस ने सभी ठिकानों से मिले दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। अब इस मामले में रविवार का दिन सबसे अहम माना जा रहा है। आरोपी के सामने आते ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा होगा।
उधर, इस दबिश के बाद दवा निर्माता उद्योगों में हड़कंप मचा है। विजिलेंस के एडीजी अनुराग गर्ग का कहना है कि आरोपी को सोलन थाने में हाजिर होने के आदेश हुए हैं। यह सूचना उसे नोटिस के माध्यम से दी गई है। यदि वह रविवार को हाजिर नहीं होता है तो उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरा मामला खुलने और आरोपी के सामने आने के बाद ही सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।