हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में सामूहिक दुराचार मामले में पुलिस ने देर रात दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब सभी आठ आरोपी धरे जा चुके हैं। आरोपियों के फोन पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजे हैं। पीड़िता की शिनाख्त के आधार पर वारदात वाले किराये के कमरे और होटल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। इनके मालिकों से भी पूछताछ हो रही है।
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने वारदात के समय इस्तेमाल वाहन को कब्जे में ले लिया है। यह गाड़ी एक आरोपी के पिता के नाम से पंजीकृत है। पुष्टि एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने की है। चंडीगढ़ में इस मामले में शनिवार को जीरो एफआईआर दर्ज हुई थी। मामला पुलिस थाना सुंदरनगर में स्थानांतरित हुआ। पहले तो पीड़िता बयान देने नहीं पहुंची। बाद में 10 फरवरी को पीड़िता सुंदरनगर आई और बयान दिया।