अबोहर में हादसे का शिकार हुआ ऑटो।
- फोटो : अमर उजाला
घनी धुंध के चलते शुक्रवार सुबह गांव खुब्बन के निकट पिकअप और ऑटों की भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो सवार एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हालत गंभीर होने पर तीन घायलों को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना सदर की सीतो चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीतो चौकी प्रभारी के अनुसार जिला मुक्तसर के गांव खुड़िया गुलाब निवासी काका सिंह, गुरविंदर कौर, हरपूर, रिंपी कौर, मनप्रीत कौर, सुखमनप्रीत सिंह, सोनू कौर, बेअंत कौर, अमरजीत कौर व हरमीत कौर उर्फ रखो व एक अन्य ऑटो में सवार होकर किन्नू तोड़ने सीतो तहसील के गांव रामपुरा नारायण पुरा में आ रहे थे। इस दौरान धुंध पड़ रही थी। गांव खुब्बन के सेमनाले के निकट पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी। इससे सभी लोग घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने घायलों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 27 वर्षीय हरमीत कौर उर्फ रखो व 18 वर्षीय सुखमनप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत गंभीर होने के कारण गुरविंदर कौर, रिंपी कौर, काका सिंह व मनप्रीत कौर को रेफर कर दिया गया।
वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सीतो चौकी प्रभारी ने बताया कि हादसे के चालक पिकअप छोड़कर फारर हो गया। अज्ञात चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।