चरस और अफीम का कारोबार करने वालों की धरपकड़ में सुंदरनगर और बीएसएल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सुंदरनगर पुलिस ने रविवार तड़के नाके के दौरान सास और दामाद के पास से दो किलोग्राम चरस बरामद की है। वहीं, बीएसएल थाना पुलिस ने दो युवकों से 191 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुंदरनगर थाना पुलिस ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पुंघ में मुख्य आरक्षी टेक चंद के नेतृत्व में सुबह 5 बजे नाका लगा रखा था। इस दौरान करीब पौने छह बजे मंडी की ओर से आ रही फोर्ड आइकॉन कार (एचपी33बी/5500) को पुलिस ने जांच के लिए रोका।
कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसमें रखे बैग से दो किलो चरस बरामद की। पुलिस ने कार में सवार चालक विनोद कुमार और महिला बिमला देवी को हिरासत में ले लिया है। दोनों पधर के रहने वाले हैं और रिश्ते में दामाद व सास है। पुलिस ने मुताबिक पूछताछ में इनके खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने की बात सामने आ रही है।
191 ग्राम अफीम बरामद
दूसरे मामले में सुंदरनगर के बीएसएल थाना पुलिस ने शनिवार रात हाइवे पर नरेश चौक में थाना प्रभारी रामकृष्ण के नेतृत्व में नाका लगा रखा था। इस दौरान रात करीब तीन बजे मंडी से सुंदरनगर की ओर आ रही एक आल्टो कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका।
कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसमें से 191 ग्राम अफीम बरामद की। जिस पर पुलिस ने कार में सवार पधर निवासी विनोद कुमार और ललित कुमार को हिरासत में ले लिया। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से फरार हो गया। जिसकी धरपकड़ को पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है।
डीएसपी संजीव भाटिया ने मादक पदार्थों की खेप पकड़ने के लिए पुलिस कर्मचारियों की सक्रियता की सराहना की है। उन्होंने बताया पुलिस ने दोनों मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है।
हुरलाधार में 3.600 किलो चरस बरामद
पुलिस ने कार से तीन किलो छह सौ ग्राम चरस पकड़ी है। लिहाजा उक्त चरस की तस्करी के आरोप में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गश्त के दौरान उन्हें ऑल्टो कार दिखी। तलाशी के दौरान उसमें उन्हें उक्त चरस मिली। एएसपी एनएस नेगी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद मालिक का सुराग लगाया जा रहा है।
52 ग्राम चरस, 19070 रुपये की नगद राशि जब्त
नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत शनिवार रात्र दो लोगों को डेढ़ किलो चरस और नकदी सहित गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। डीएसपी नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि की है। शनिवार देर सांय पुलिस ने लदौडी गांव में मुंशी राम को पकड़ा, उसकी तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 52 ग्राम चरस और 19070 रुपये की नगद राशि जब्त की।
पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि उसने चंबा जिला के तीसा गांव के लक्ष्मण से चरस खरीदी है। डीएसपी नवदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस की टीम तुरंत तीसा के लिए रवाना हो गई । तीसा में पुलिस ने लक्ष्मण को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कहीं चरस बेचने जा रहा था।
पुलिस ने लक्ष्मण के कब्जे से 1 किलो 405 ग्राम चरस बरामद की है। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को एनडीपीएस के तहत गिरफ्तार कर लिया है और चरस तथा नगदी भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।