करोड़ों के पोंजी स्कीम घोटाले में फंसे तृणमूल कांग्रेस के सांसद केडी सिंह हिमाचल विजिलेंस ब्यूरो के भी राडार पर हैं। भले ही ईडी ने सिंह की कंपनी अलकेमिस्ट इंफ्रारियलिटी लिमिटेड के विभिन्न शहरों के अलावा हिमाचल के कुफरी में स्थित संपत्ति को सीज किया हो, लेकिन अभी भी सिंह के पास कई जमीनें होने की बात कही जा रही है।
पिछली वीरभद्र सरकार के दौरान केडी सिंह का नाम सुर्खियों में आया था। आरोप था कि टीएमसी सांसद ने हिमाचल के विभिन्न हिस्सों में कई बेनामी संपत्तियां खरीदीं। शिकायत के बाद विजिलेंस मामले की जांच कर रही है।
सूत्रों की मानें तो विजिलेंस का आरोप है कि केडी सिंह ने हिमाचल में 267 बीघा जमीन बेनामी सौदे के तहत खरीदी थीं। हाईकोर्ट में सीपीएम की ओर से दायर याचिका के बाद डीसी शिमला ने भी मामले की जांच कर रिपोर्ट ब्यूरो को सौंप दी थी।
सूत्रों की मानें तो रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई थी कि केडी सिंह की कंपनी की यह खरीद बेनामी थी। चूंकि, गैर कृषक को जमीन खरीदने के लिए 118 की मंजूरी लेना जरूरी होता है।