सरकारी नौकरी लगवाने और बैंक से कर्ज दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने वाले गिरोह का माजरा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में हरियाणा के नारायणगढ़ क्षेत्र के पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस थाना में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 व 120 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब तक यह शातिर सिरमौर के लोगों से नौकरी दिलवाने का झांसा देकर कुल 2 लाख और बैंक कर्ज दिलवाने के लिए 3.65 लाख रुपये ठग चुके थे।
जिला सिरमौर के तहत मिश्रवाला पंचायत के ग्राम कायरदा निवासी शिकायतकर्ता कमल कुमार (35) पुत्र ओम प्रकाश की शिकायत पर मामला माजरा थाना में दर्ज हुआ है। आरोप है कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के कोलर व आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से अपनी नजदीकियां बताकर गिरोह के सदस्य बड़ी चतुराई से काम कर रहे थे। खुद को हरियाणा के बड़े नेता व हिमाचल में बड़े नेताओं तक संपर्क होने की बात बताकर बैंक से लोन दिलवाने तथा सरकारी नौकरी में लगवाने का झांसा दिया जाता था।
इसके बाद लोगों को लाखों रुपये चूना लगा दिया जाता। पुलिस ने शिकायतकर्ता के माध्यम से पूरी जानकारी लेने व लोगों को जोड़ने के बहाने आरोपियों को बुलाया गया। इसके बाद हरियाणा के नारायणगढ़ से आए अनिल कुमार, सरवन पाल, महेंद्र पाल, नरेश कुमार व निर्मल सिंह को माजरा थाना पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। माजरा थाना के मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह की टीम मामले की जांच में जुट गई है। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर सिंह ने पुष्टि की है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।