जिला मंडी के सरकाघाट में मसेरन पंचायत के मतलग गांव में तीन युवकों ने टैक्सी चालक की उसी के घर में हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि पड़ोसी युवक टैक्सी चालक के घर में हो रहे झगड़े को सुलझाने पहुंचे थे। लेकिन, टैक्सी चालक और उग्र हो गया और बहसबाजी शुरू कर दी, जो बाद में हाथापाई में बदल गई।
आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने डंडे से टैक्सी चालक पर वार कर डाले और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद परिजनों को बताए बिना आरोपी टैक्सी चालक को निजी चिकित्सालय ले गए। लेकिन, घायल की हालत गंभीर देखकर उसे मंडी रेफर कर दिया गया।
मंडी ले जाते वक्त घायल की मौत हो गई। सूचना मिलते ही सरकाघाट से पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के परिवार में एक 13 वर्षीय बेटा, छह वर्ष की बेटी, पत्नी और मां है।