आईजीएमसी शिमला में एक बार फिर सुरक्षा की पोल खुल गई। मंगलवार रात को एक शातिर चाकू लेकर अस्पताल में दाखिल हो गया। इसका इरादा चोरी का था लेकिन इससे पहले ही इसे लोगों ने दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने इसकी धुनाई कर डाली। बाद में सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया गया और इसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामला रात बारह बजे के करीब फिमेल आर्थो वार्ड में सामने आया।
करसोग से मनसा राम के बच्चे के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। मरीज की हालत को देखकर सोमवार को चिकित्सकों ने इसे अस्पताल में भर्ती किया था। मंगलवार को बच्चे का ऑपरेशन होना था। रात करीब बारह बजे यह शातिर चोरी के प्रयास से वार्ड में दाखिल हुआ। इस दौरान सभी मरीज गहरी नींद में सोए थे। यह मरीजों के सामान को खंगालने लग गया।
जब चोर को कुछ नही मिला तो यह वार्ड के बेड नंबर पांच के पास पहुंचा और सामान टटोलने लगा। इसके बाद वह बच्चे के मुंह के ऊपर रखे कंबल हो हटाने लगा। पिता को शक हुआ तो उन्होंने चोर को पैर से पकड़ लिया, लेकिन चोर पैर को छुड़ाकर वहां से बाहर भाग गया। पिता ने चोर का पीछा किया और पकड़ने लगा तो चोर ने मनसा राम पर हमला कर दिया। मनसा राम को हल्की चोटें लगीं।
मारपीट की आवाज सुनने के बाद अन्य तीमारदार भी वार्ड के बाहर आए। उन्होंने चोर की धुनाई कर डाली। इसके बाद लोगों ने चोर को सिक्योरिटी गार्ड की मदद से पुलिस के हवाले किया और शिकायत भी दर्ज करवाई। करसोग निवासी मनसा राम ने बताया कि पुलिस ने उन्हें बताया कि वह मानसिक रोगी है। जिसके बाद उन्होंने शिकायत वापस ले ली। अस्पताल में जिस समय यह चोर वार्ड में दाखिल हुआ उस दौरान गेट पर सुरक्षा कर्मी मौजूद नही था। जबकि वार्ड के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी काम नही कर पा रहा था।
सुरक्षा कर्मी को गेट पर खड़े रहने के दिए निर्देश
अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों को गेट पर खड़े रहने के कड़े निर्देश जारी किए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति वार्ड में दाखिल न हो सके।
- डॉ. रमेश चंद, - वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक, आईजीएमसी
तलाशी करने पर मिला चाकू
पुलिस ने गुमटी में ले जाकर जब चोर की तलाशी की तो उसके पास एक चाकू और बोरा बरामद हुआ। बोरे में कबाड़ मिला।
लगातार हो रही हैं घटनाएं
अस्पताल में 17 जनवरी को मेल मेडिकल यूनिट दो में मार्निंग सेशन में ड्यूटी दे रही स्टाफ नर्स के पर्स से दिनदिहाड़े साढ़े तीन लाख रुपये का कीमती मंगलसूत्र चोरी हुआ था। 20 जनवरी को शिमला के एक बुजुर्ग एसआरएल लैब में अपना टेस्ट करवाने आए थे। इन्होंने टेस्ट करवाने के लिए कोट उतार रखा था, जिसमें कि छह क्रेडिट कार्ड थे। चोर यहां से यह कोट उड़ा ले गया था। बुजुर्ग ने इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन को लिखित में दी थी।