हिमाचल के जिला सोलन के नालागढ़ उपमंडल के पहाड़ी क्षेत्र सुन्ना में बारात लेकर पहुंची बस ने बैक करते समय दो बारातियों को कुचल दिया। हादसे में एक की जहां मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा।
बस बुधवार सुबह सौड़ा गांव से सुन्ना बारात लेकर पहुंची थी। बारातियों को उतारने के बाद चालक बस को साइड लगाने के लिए बैक कर रहा था, जैसे ही बस पीछे होने लगी वहां मौजूद दो बाराती इसके नीचे आ गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। हादसा बुधवार सुबह करीब सात बजे का बताया जा रहा है।
मातम में बदला जश्न का माहौल
हादसे के बाद शादी के जश्न का माहौल मातम में बदल गया। विवाह का जश्न फीका पड़ गया। कुछ लोग जहां बारात लेकर पहुंचे। वहीं कुछ बारात में आए लोग शवयात्रा में शामिल हुए। पुलिस के मुताबिक बस बारातियों को लेकर सौड़ा गांव से लेकर आई थी, जिन्हें उन्हें सुन्ना में छोड़ा।
बाराती बस से उतर गए तो चालक ने बस को मोड़ा और किनारे में लगाने लगा। इसी दौरान दुर्गा राम निवासी गांव मंझियारी डाकघर, भिंयूखरी तहसील नालागढ़ और वीजा राम निवासी सेरला, डाकघर गोयला नालागढ़ इसकी चपेट में आ गए।
दुर्गा राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीजाराम को अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने भ्ाी दम ताेड़ दिया। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि चालक मेहर चंद को गिरफ्तार कर लिया है। शवों के पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं।