विजिलेंस ने सोमवार शाम तकसीम करवाने की एवज में तहसीलदार ऊना को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। विजिलेंस ने आरोपी तहसीलदार के कब्जे से रिश्वत के नाम पर लिए पांच हजार रुपये भी बरामद किए हैं। विजिलेंस ने आरोपी तहसीलदार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के अधीन मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ दिन पहले ऊना के बरनोह गांव के एक व्यक्ति ने विजिलेंस को शिकायत की कि उसकी जमीन की तकसीम के इंतकाल का मामला तहसीलदार ऊना के पास लंबित है।
इंतकाल की एवज में तहसीलदार उससे पांच हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। विजिलेंस ने मामले की छानबीन करके शिकायत को सही पाया तथा एफआईआर दर्ज करके तहसीलदार को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और तहसीलदार को रिश्वत लेते हुए रगें हाथों पकड़ लिया। एएसपी सागर चंद्र की अध्यक्षता में विजिलेंस की टीम ने आरोपी तहसीलदार के कब्जे से रिश्वत के रूप में लिए 500-500 के दस नोट भी बरामद किए हैं। एएसपी सागर चंद्र ने बताया कि आरोपी तहसीलदार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तहसीलदार को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।