सब जेल मंडी में ज्यूडिशियल रिमांड पर चल रहे चरस तस्करी के आरोपी धर्मपाल (38) निवासी गांव मारखन झटींगरी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सुबह जेल में बंद आरोपी को बेसुध हालत में जोनल अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ज्यूडिशियल कस्टडी में हुई मौत पर सवाल उठाते हुए जेल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि धर्मपाल बीमार था। चिकित्सकों ने उसे शिमला ले जाने की सलाह दी थी, लेकिन जेल प्रशासन ने बात नहीं मानी।
उधर, जेल अधीक्षक डॉ. मदन कुमार ने आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि जेल में रखने से पहले आरोपी का मेडिकल करवाया गया था। सभी रिपोर्ट सही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच होगी।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश मामले की जांच करेंगे। गौरतलब है 30 अक्तूबर को धर्मपाल और एक अन्य को चरस तस्करी के आरोप में जोगिंद्रनगर के पास पकड़ा गया था। उनके कब्जे में 508 चरस पुलिस ने बरामद की थी।
उधर, एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने कहा कि शुक्रवार सुबह पुलिस स्टेशन सदर में सूचना मिली कि 31 अक्तूबर से ज्यूडिशियल रिमांड पर चल रहे चरस तस्करी के आरोपी को अस्पताल लाया गया है। यहां उसे मृतक घोषित किया गया है। मामले में 176 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई हो रही है।