खनन क्षेत्र में पहुंचे एसपी ऊना
- फोटो : अमर उजाला
पिछले दिनों पंजाब पुलिस के संरक्षण में खनन माफिया द्वारा हिमाचल सीमा संतोषगढ़ में अवैध खनन करने और पुलिस को धमकाने के मामले में शुक्रवार को एसपी ऊना दिवाकर शर्मा ने पूरे पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इस मौके पर उनके साथ राजस्व विभाग व खनन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों ने एसपी ऊना के नेतृत्व में हिमाचल-पंजाब बार्डर सीमा की तहकीकात की।
इसमें अवैध खनन क्षेत्र हिमाचल सीमा क्षेत्र में पाया गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार पिछले कुछ समय से संतोषगढ़ क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके चलते उन्होंने 9 जुलाई के दिन डीएसपी हरोली को पुलिस टीम के साथ मौके पर भेजा था।
वहीं, पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर खनन की घटना सामने आई थी, वह हिमाचल का क्षेत्र है और हिमाचल में पुलिस खनन माफिया को किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण बात यह है कि पंजाब पुलिस के कर्मचारियों के संरक्षण में यहां पर खनन के मामले सामने आ रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पंजाब पुलिस के उच्चाधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी है। वहीं, उन्होंने संतोषगढ़ पुलिस को खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।