कोटगढ़ के शमाथला पंचायत की प्राथमिक पाठशाला आग से जलकर राख हो गई। शुक्रवार देर रात इस स्कूल के दो मंजिला भवन में अचानक आग लग गई। लकड़ी का बना यह भवन थोड़ी ही देर में पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।
स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की लेकिन आग बेकाबू हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम सुबह मौके पर पहुंची लेकिन तब तक काफी भवन जल चुका था।
नायब तहसीलदार कोटगढ़ राजेंदर ठाकुर ने बताया कि आग से पांच कमरे जलकर राख हो गए हैं। साथ ही इनमें रखा रिकॉर्ड भी जल गया है। उन्होंने बताया कि आगजनी से करीब सात लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है।