राजधानी के फागली स्कूल के जमा एक कक्षा के छात्र पंकज की मौत का पुलिस के लिए पहेली बन गई है। शव की हालत खराब है, वह गल चुका था। ऐसे में अब पुलिस की आस सिर्फ फोरेंसिक और पोस्टमार्टम पर ही टिकी है। इस रिपोर्ट में यह तो खुलासा हो सके गा कि पंकज की मौत कैसे और कब हुई।
वहीं मौत गिरने से हुई या उसे किसी ने मार कर वहां लाकर फेंक दिया था। लापता छात्र का शव मिलने के बाद पुलिस के सामने अब बड़ा सवाल यह रहेगा कि घर से स्कूल के लिए निकला पकं ज आखिर जंगल में पहुंचा कैसे।
घर से स्कूल के लिए दो नवंबर को दस रुपये जेब में लेकर निकला पंकज आखिर कहां रहा, कहां गया और कैसे उसकी मौत हो गई। शव ऐसी जगह मिला जहां पंकज स्वयं गया हो ऐसा देखकर नहीं लगता। रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर मौत की वजह क्या रही।
बड़ों का आदर करने वाला था छात्र पंकज
फागली स्कूल के छात्रों और अध्यापकों का कहना है कि पंकज एक मिलनसार छात्र था। वह हमेशा अध्यापकों का आदर करता था। पुलिस की पूछताछ में इन्होंने बताया कि पंकज किसी तरह के तनाव में भी नहीं था। पुलिस ने पहले ही कई छात्रों और शिक्षकों से भी इस मामले में पूछताछ की है।
कब क्या हुआ
दो नवंबर को पंकज अनाडेल में स्थित अपने घर से फागली स्कूल के लिए रवाना हुआ।
शाम को घर न लौटने पर पिता ने पड़ोसियों, रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ और खोजने का प्रयास किया।
दो दिन बाद 4 नवंबर को पिता ने थाना बालुगंज में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई ।
पुलिस ने पिता और परिजनों को साथ लेकर शहर के जंगलों में पंकज की तलाश की।
पुलिस के उसे खोजने में नाकाम रहने पर पिता ने पंकज का सुराग देने वाले को 25 हजार के ईनाम की घोषणा की।
28 नवंबर को अनाडेल के जंगल में घास काटने गए ग्रामीण मनोहर ने लाश को देखा।
इसकी सूचना थाना पुलिस को दी, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने ढांक से शव को बाहर निकाला
क्या अनाडेल के जंगल में पंकज को तलाशना भूली पुलिस
गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने पंकज की तलाश शुरू की थी। पुलिस दावा कर रही थी कि उसने पूरे शहर और इसके आस पास के तारादेवी सहित अन्य जंगलों में पंकज को तलाशा, तो फिर लापता पंकज के घर के साथ लगते जंगल में शव क्यों नजर नहीं आया। पुलिस का कहना था कि उन्होंने तारादेवी, शोघी, संजौली और अनाडेल के जंगलों में पंकज की तलाश की है। अब पंकज की लाश उसी अनाडेल के जंगल से मिली है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा पंकज का शव
अनाडेल में सुनसान जंगल में ढांक के नीचे मिले 26 दिनों से लापता फागली स्कूल के छात्र पंकज के शव का आईजीएमसी में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंपा। पंकज के परिजन शव को लेने के लिए आईजीएमसी पहुंचे थे। पंकज के पिता तेज राम की आंखों से आंसु थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
वह सिर्फ एक ही बात दोहरा रहा था कि मेरे बच्चे की मौत कैसे हुई पुलिस इसका जरूर पता लगाए। यदि उसकी हत्या हुई है, तो उस मासूम की हत्या करने वालों को किसी सूरत में बक्शा न जाए।
उधर, छात्र के दादा ने पोते की मौत को सामान्य घटना न बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि पोते की मौत साजिश भी हो सकता है। पुलिस मामले की बारीकी से छानबीन करे।