ग्लैमर, मॉडलिंग और पंजाबी एलबम में चांस दिलाने के नाम पर कास्टिंग काउच के एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। यह गिरोह लड़कियों को मॉडल बनाने का झांसा देकर उन्हें देह व्यापार में फंसाने की फिराक में था।
इस मामले में पुलिस ने खुद को ग्लैमर की दुनिया में एंट्री करवाने का दावा करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर एक युवती ने आरोप लगाया है कि वह चकाचौंध वाले ग्लैमर वर्ल्ड में पांव जमाने की एवज में शारीरिक संबंध बनाने के लिए बराबर दबाव डाल रहा है।
इतना ही नहीं उससे न्यूड फोटो व्हाट्स ऐप करने के लिए भी कहा। आरोपी ने युवती से कहा कि अगर उसे ग्लैमर की दुनिया में ऊंचाई तक जाना है तो उसे शारीरिक संबंध बनाने ही होंगे। ये सनसनीखेज मामला शिमला में सामने आया है।
स्टिंग में हुआ खुलासा
डीवाईएफआई की ओर से सबूत के तौर पर शिमला पुलिस को आरोपी की ओर से फेसबुक और व्हाट्स ऐप पर युवती के साथ बातचीत की फोटो कॉपी सौंपी गई है। पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए आरोपी को बस स्टैंड से पूछताछ के लिए साथ ले गई है।
भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) की जिला कमेटी के अध्यक्ष दिनेश मेहता और सचिव कपिल भारद्वाज की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई कि शिमला शहर में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है जो फैशन शो, इवेंट के नाम पर लड़कियों का शारीरिक शोषण करते हैं और उन्हें देह व्यापार में धकेलते हैं। डीवाईएफआई ने गिरोह के सरगना का स्टिंग आपरेशन किया।
फेसबुक और व्हाट्स एप के माध्यम से आरोपी की करतूतों को उजागर किया। आरोपी फेसबुक प्रोफाइल पर कई खूबसूरत लड़कियों के साथ मौजूद है। ये सभी फोटो प्रोफाइल में मौजूद है। पार्टी टाइम के फोटो भी नजर आते हैं। इसमें हाथ में जाम और सिगरेट के साथ खूबसूरत लड़की के साथ फोटो खिंचा रखा है।
ऐसे पकड़ा गया शातिर
आरोपी ने युवती को मिलने के लिए होटल में बुलाया। इस बात की जानकारी पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने जाल बिछाया। आरोपी माल रोड पर टहल रहा था। उसे लगा कि लड़की होटल जाने के लिए राजी हो गई है इस पर वह उससे मिलने के लिए बस स्टेंड पहुंच गया जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
कहां कहां हुए इंवेंट पुलिस कर रही जांच
पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कहां कहां फैशन शो (इंवेंट) करवाएं है। शिमला में आरोपियों ने कितने इंवेट करवाए हैं। हालांकि आरोपी ने लड़की के समक्ष दावा किया था कि वह चंडीगढ़ में भी इंवेट करवाते हैं।
पुलिस जांच में जुटी
उधर, डीवाईएफआई के सचिव कपिल भारद्वाज ने कहा कि छात्र संगठन के माध्यम से उन्हें इस बात की जानकारी मिली थी जिसके बाद आरोपी का स्टिंग किया गया। एसपी शिमला से एक प्रतिनिधिमंडल मिला। उन्होंने फौरी कार्रवाई करते हुए आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। तत्काल कदम उठाने पर डीवाईएफआई शिमला पुलिस का आभार व्यक्त करती है इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांग करती है।
ग्लैमर की दुनिया का सच
एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ चल रही है। डीवीएफआई की ओर से उन्हें मामले की जानकारी दी गई उसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।