मनाली के कोठी में कल्चरल पार्टी फुलमून पार्टी में बदल दी गई। नशे का दौर चला। सुरा के साथ चरस के छल्ले भी उड़े। पार्टी में मस्ती छा गई और कइयों के कदम लड़खड़ा गए। हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने रेड डाली। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पार्टी में स्थानीय लोगों के अलावा विदेशी भी शामिल हुए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मनाली की एक संस्था ने प्रशासन से 19 से 22 जून तक कोठी में कल्चरल पार्टी की अनुमति ली।
दो लोग गिरफ्तार
पार्टी सुबह दस से रात दस बजे तक होनी थी। ऐसा हुआ नहीं और दस बजे के बाद नशे का दौर शुरू हो गया। नशे में नाच-गाना शुरू हो गया और कुछ लोग आपस में भिड़ गए। मामले की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई।
पुलिस ने बीयर की 9 पेटियां भी बरामद की। दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। एसडीएम मनाली विनय कुमार धीमान ने बताया कि पार्टी की अनुमति कल्चरल गतिविधि के तौर पर ली गई थी।
बाद में जानकारी मिली की पार्टी रात भर चलती रही और वहां हुड़दंग की स्थिति पैदा हो गई है। पार्टी की परमिशन रद कर दी गई है। एसपी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि रेड में नौ बीयर की पेटियां बरामद की गई। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गैर कानूनी है इस तरह की पार्टी
गैर कानूनी होने के बाद भी कुल्लू और मनाली में फुलमून पार्टियां नहीं रुक सकी हैं। पर्यटकों को लुभाने के लिए ऐसी पार्टियां लगातार हो रही हैं। ड्रग माफिया और स्थानीय लोगों की मिलीभगत से कल्चरल पार्टी के नाम पर फुलमून पार्टी करवाई जाती है।
पार्टियों में बड़े पैमाने पर शराब, बीयर और ड्रग्स बेची जाती है। इसके मनमाने दाम लिए जाते हैं। विदेशी भी नशे में चूर हो कर झूमते हैं। कई बार यह पार्टियां हिंसक रूप ले लेती हैं।
एसडीएम मनाली विनय कुमार धीमान ने बताया कि इस पार्टी की अनुमति कल्चरल गतिविधि के तौर पर ली गई थी। एसपी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि ऐसी गतिविधियां नहीं होने दी जाएंगी।