दो साल पहले शादी का झांसा देकर मंगनी कर ली और उसकी अस्मत लूटता रहा। अब शादी करने से इंकार कर दिया। हिमाचल प्रदेश के चंबा के पांगी में युवती ने अपने मंगेतर पर दुराचार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जिसकी छानबीन की जा रही है।
पांगी थाने में युवती ने प्राथमिकी दर्ज करवा दी है। उसका मंगेतर कुलदीप कुमार पुत्र प्रेम राज निवासी लुज के साथ उसकी मंगनी करीब दो साल पहले हुई थी। इसके बाद से वे दोनों काफी समय से एक दूसरे के संपर्क में रहे। इस दौरान युवक ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाए।
शादी करने को कहा तो हुआ अंडरग्राउंउ
जब युवती ने उसे शादी करने के लिए कहा तो वह अचानक कहीं चला गया। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है। उधर, मामले के दर्ज होने के बाद पुलिस छानबीन करने में जुटी है। युवक की तलाश की जा रही है।
इसके बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। इसकी पुष्टि करते हुए एसपी चंबा डीके चौधरी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीम आरोपी की की तलाश करने में जुटी हुई है।
आठ लोगों ने की गर्भवती की धुनाई
चंबा के किहार सेक्टर में एक गर्भवती महिला से आठ लोगों ने मारपीट की है। इससे उसको चोटें आई हैं। पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद महिला का मेडिकल करवा लिया गया है। उसकी हालत फिलहाल ठीक है। शुक्रवार को क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा में मेडिकल करवाने पहुंची पीड़ित गर्भवती गुलशन पत्नी तालिब गांव मनपनिहार पंचायत किहार व उसके पति तालिब ने बताया कि उसके पड़ोसियों ने जरा सी बात पर उसकी धुनाई कर डाली।
इससे उसे गंभीर रूप से चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि मारपीट में हनीफा पत्नी गुलाम रसूल सहित मंजर, हफीजा, हनीफा, आयशा, याकूब, शकीला व फातिमा शामिल थे। पीड़ित ने बताया कि उक्त लोगों का एक पालतू पशु उनके घर में आ घुसा था, जिसे वह वहां से भगाने का प्रयास कर रही थी।
इतने में उक्त लोगों ने उससे गाली गलौच और मारपीट शुरू कर दी। इसके चलते उसे चोटें आई हैं। पीड़ित महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इसकी पुष्टि करते हुए एसी चंबा डीके चौधरी ने बताया कि इसकी छानबीन चल रही है।