लोनिवि मंडल कार्यालय पधर में रात की ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की मौत हो गई है। कार्यालय के समीप खेतों में शव मिला। शव पेड़ के धरातल से प्लास्टिक की लाल रंग की रस्सी से बंधा हुआ था।
डीएसपी मुख्यालय राजेश कुमार भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या का मामला दर्ज नहीं किया है।
रविवार सुबह मंडल कार्यालय के पास ही खेतों में तारा चंद उर्फ स्वामी निवासी सकाहण का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।
फोन पर कहा था, मैं बहुत परेशान हूं
तारा चंद को शनिवार रात को करीब साढ़े आठ बजे कार्यालय के समीप टी स्टाल में देखा गया। जहां से खाना खाने कार्यालय में गया। इसके बाद रविवार सुबह मृतक की लाश संदिग्ध हालत में खेतों से बरामद हुई।
तारा चंद की पत्नी चंद्री देवी ने अंतिम बार रात को मोबाइल पर संपर्क किया। इस बीच किसी शख्श ने मोबाइल उठाया और हिंदी में बात करते हुए कहा कि मैं बहुत परेशान हूं और मेरी तबीयत ठीक नहीं।
पत्नी ने दावा किया कि मोबाइल पर आवाज उनकी नहीं थी। उनके पति हमेशा अपनी पहाड़ी बोली में बात करते थे। दोबारा मोबाइल पर संपर्क करने पर मोबाइल स्विच ऑफ आया।
हादसा या हत्या
तारा चंद के सभी रिश्तेदार और परिवार के सदस्य पूरी रात भर उसे ढूंढते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे रिश्तेदार भवन कुमार और ओम प्रकाश दोनों अस्पताल से नीचे खेतों से होते हुए पत्यौण गांव की ओर जा रहे थे, तो उन्हें मंडल कार्यालय से नीचे जंगल के सामने वाले खेतों में तारा चंद की शव पेड़ से बांधी हुई मिली। सूचना मिलते ही पधर पुलिस मौके पर पहुंची।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी पुष्टि
मृतक के गले में लाल रंग की रस्सी बांधी थी और उसे शहतूत के पेड़ से बंधा हुआ था। शव के पास काले रंग का बैग, खाली जग और दो गिलास रखे थे। पधर थाना प्रभारी भीम सेन ने बताया कि लाश को पुलिस ने कब्जा में ले लिया है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारणों का पता लग पाएगा। डीएसपी मुख्यालय राजेश कुमार ने मृतक के परिजनों को आश्वस्त करवाया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।