हिमाचल के पांवटा साहिब थाना के अंतर्गत तिब्बती कालोनी में दो दिन पहले घर वालों की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर शातिर चोर करीब छह लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर गए। इस मामले में पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से चोरी हुई दो चैन और एक रिंग बरामद कर ली गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार सतौन स्थित जांपा लोटो तिब्बती कालोनी में बीते शनिवार को चोरी की वारदात हुई। मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में 6 लाख के गहनों व अन्य जरूरी सामान की चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। पांवटा के मुख्य बाजार निवासी प्रदीप दीक्षित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 सितंबर को वह अपने काम से देहरादून गया था।
उसकी पत्नी दवाई लेने भूपपुर, पांवटा साहिब आई हुई थी। जब उसकी पत्नी दवाइयां खरीदकर घर वापस लौटी तो घर के ताले टूटे मिले। साथ ही घर से सोने के आभूषण व अन्य जरूरी सामान गायब मिला। शिकायतकर्ता ने सतौन के निवासी रोबिन पर शक जताते हुए बताया कि उसका दुकान व मकान में आना जाना लगा रहता था।
इस मामले में पुलिस ने रोबिन व परमजीत निवासी बद्रीपुर को हिरासत में लिया है। उधर, इस मामले में पांवटा पुलिस थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दोनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कुछ आभूषणों की बरामदगी भी की गई है। दूसरे आभूषणों के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।