हिमाचल की अंडर-19 क्रिकेट टीम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश का एक युवक हिमाचली प्रमाण पत्र बनवाते पकड़ा गया। आरोपी शिशुपाल (22) गांव नगलामहू जिला अलीगढ़ ने बिलासपुर के स्थायी निवासी अपने दोस्त सेर गांव के सौरव का आधार कार्ड चुराकर उस पर अपना फोटो चिपका दिया।
जब वह हिमाचल का प्रमाण पत्र बनवाने बेहरन पटवार सर्कल पहुंचा, तो पड़ताल में उसकी चालाकी संबंधित पटवारी ने पकड़ ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शिशुपाल और सौरव चंडीगढ़ में एक साथ रहते हुए क्रिकेट की कोचिंग ले रहे हैं। हिमाचल की अंडर-19 क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने के लिए उसने सौरव का आधार कार्ड चुराया और उस पर अपना फोटो चिपकाकर अपना जाली आधार कार्ड बना लिया।
उसके बाद उसने बेहरन पटवारघर जाकर पटवारी से हिमाचली प्रमाण पत्र बनाने के लिए फार्म भरने को दिया। जब पटवारी ने उससे परिवार रजिस्टर की नकल मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
पटवारी ने उसे तहसीलदार के पास पेश किया। तहसीलदार से मिली शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
गलत तरीके से हिमाचली प्रमाण पत्र बनवाते यूपी के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसको रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
- संजय शर्मा, एएसपी, बिलासपुर