जमीनी विवाद पर हुए झगड़े में आरोप है कि बड़े भाई ने बेटे के साथ मिलकर छोटे भाई की डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना को सुंदरनगर के कनैड कस्बे में वीरवार रात करीब 9 बजे अंजाम दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों में पिछले कुछ समय से मलकियती जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। देर रात भी जमीन को लेकर बहस हुई। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी बड़े भाई नागपाल (68) ने अपने बेटे चमन लाल (38) के साथ मिलकर छोटे भाई चेत राम (65) पर डंडों से हमला कर दिया।
खून से बुरी तरह लथपथ हालत में रात करीब 11 बजे चेत राम को सुंदरनगर स्थित नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने कहा कि मृतक के बड़े भाई आरोपी नागपाल और उसके बेटे चमन को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। जमीनी विवाद में यह एक माह में दूसरी हत्या है। इससे पहले क्षेत्र में ही पंचायत प्रतिनिधियों के सामने एक भाई ने दूसरे की हत्या कर दी थी।