1000-500 के नोट अमान्य होने को अभी 48 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि आयकर विभाग की शिमला इकाई भी हरकत में आ गई है। वीरवार रात आयकर टीम ने कथित रूप से कालाधन रखने वाले शिमला के एक बड़े शराब व्यापारी के ठिकानों का सर्वे किया।
देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान आयकर अधिकारियों ने घर को अंदर से बंद कर व्यापारी से घंटों पूछताछ की। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान व्यापारी के घर से मिले कुछ दस्तावेजों को भी टीम ने अपने कब्जे में लिया है। हालांकि, आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं, छापेमारी की चर्चाओं के बीच व्यापारी के माल रोड स्थित घर और प्रतिष्ठानों के आसपास अचानक पुलिस की मौजूदगी से आयकर विभाग की कार्रवाई को हवा जरूर मिली। लेकिन पुलिस के अधिकारी अपनी मौजूदगी को रूटीन कार्रवाई के तौर पर बताकर कुछ भी बोलने से बचते रहे।