प्रदेश के जिला सिरमौर की ग्राम पंचायत सैनवाला के ग्राम टोकियों में सुबह तड़के एक व्यक्ति ने अपने साड़ू भाई की चाकू से गोद कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या की वजह आपसी रंजिश व मामूली बहस बताया जा रहा है। आरोपी ने मृतक की छाती और गले के आसपास कई वार किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। हत्या को अंजाम देने वाले व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूचना मिलने पर एएसपी विनोद धीमान व एसएचओ पांवटा अशोक चौहान ने मौके का दौरा किया। जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह ग्राम टोकियों का सुरेंद्र सिंह (36) पुत्र हरनाम सिंह धौलाकुआं की तरफ जा रहा था।
टोकियों में गौशाला के समीप बैठे सैनवाला निवासी बलबीर सिंह (34) पुत्र प्रकाश चंद के साथ उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद सुरेंद्र सिंह धौलाकुआं औद्योगिक इकाई की तरफ चला गया। थोड़ी देर बाद वापस आया और बलबीर सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। दोनों आपस में साड़ू भाई बताए जा रहे हैं।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम
चाकू के हमले से बलबीर सिंह बुरी तरह से लहूलुहान होकर सड़क किनारे पर गिर गया। देहरादून-पांवटा कालाअंब एनएच-7 मार्ग के साथ ही टोकियो में एक गौशाला है। हत्याकांड के वक्त कुछ दूरी पर आसपास लोग खड़े थे। मारपीट व हमला होने पर हमलावर का बड़ा भाई व ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े लेकिन, तब तक आरोपी सुरेंद्र मौके से फरार हो चुका था।
ग्रामीणों ने माजरा पुलिस चौकी व एंबुलेंस को सूचित किया। हमले में घायल बलबीर को ग्रामीण अस्पताल लेकर आए लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
माजरा पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि सैनवाला टोकियों हत्याकांड के आरोपी टोकियों निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र हरनाम सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा-302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है।