ऊना के साथ लगते चौकी मन्यार के पास सोमवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई है।
इस हादसे में 14 साल का एक और युवक भी जख्मी हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती करवा लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मन्यार गांव के रहने वाले अमित और सन्नी देर रात चौकी गांव में रहने वाले अपने रिश्तेदार के पास आए थे।
देर रात जैसे ही ये मन्यार की साथ लगती सड़क से गुजरे कि अचानक एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया।
पुलिस ने जख्मी नाबालिग के बयान दर्ज कर लिए हैं और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग समेत कुल तीन युवक बाइक पर सवार थे जिनमें से दो की मौत हो गई है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।