केंद्रीय आदर्श कंडा जेल की सुरक्षा में कैदी ने आखिर कैसे सेंध लगाई। पुलिस मामले में अभी तक करीब दो दर्जन से ज्यादा सुरक्षा गार्डों और कैदियों से पूछताछ कर चुकी है। मामले की जांच कर रही टीम इस मामले में जेल की सुरक्षा में तैनात गार्डों से भी पूछताछ कर चुकी है।इसके अलावा जेल में आरोपी कैदी से मिलने कौन-कौन लोग आए, पुलिस इस मामले की भी जांच कर रहे हैं। बता दें कि 6 जून को कंडा में जेल प्रशासन ने बैरकों में सर्च ऑपरेशन चलाया था।
अधिकारियों ने गहनता से की गई सर्च के दौरान एक कैदी से चेकिंग के दौरान मोबाइल फोन बरामद हुआ था। जेल प्रशासन के मुताबिक सर्च अभियान में बैरक नंबर 2 में आरोपित जसवीर से मोबाइल फोन मिला है। जसवीर के अलावा बैरक में करीब 12 से 15 कैदी थे। इसके अलावा इस मामले में संलिप्त अन्य कैदी बैरक नंबर 3 में रहता है। जब दोनों आरोपी अलग-अलग बैरकों में रहते है तो आखिर कैसे इन्होेंने सुरक्षा गार्डों को चकमा देकर मोबाइल फोन को बैरक के अंदर पहुंचाया। जेल प्रशासन मामले की जांच कर रहा हैै।
जेल सुरक्षा में सामने आईं खामियां
मर्डर के मामले में आरोपी हरियाणा का कैदी जेल के बैरक तक मोबाइल ले गया और सुरक्षा में तैनात वार्डरों को इसकी भनक भी नहीं लग सकी। आरोपी कैदी ने दर्जनों सुरक्षा गार्डों की तैनाती और जेल परिसर में लगे करीब 43 सीसीटीवी कैमरों को चकमा देकर मोबाइल फोन बैरक के अंदर तक पहुंचाया। हालांकि आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब रहता, इससे पहले ही जेल प्रशासन ने आरोपी से मोबाइल फोन जब्त कर कब्जे में लिया है।