सराज विस क्षेत्र के एक लोक कलाकार का यू ट्यूब पर अपलोड गाना विवादों में है। गीत की एक लाइन में जाति विशेष की भावना को आहत करने का आरोप है। मामला पुलिस के पास पहुंच गया है। शिकायत पर पुलिस ने रपट डाली है। एसपी मंडी गुरदेव चंद ने कहा कि शिकायत पर जांच चल रही है।
यू ट्यूब पर अपलोड गाने में सराज क्षेत्र के एक लोक गायक ने जाति विशेष का जिक्र किया है। टिप्पणी से नाराज लोगों ने गीतकार, संगीतकार और गायक के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। प्रशासन से भी इस संदर्भ में कई शिकायतें की गई हैं।
कुल्लू जिला मुख्यालय के रायसन बिहाल में विजिलेंस भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने गैर हिमाचली सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी के आलीशान बंगले पर छापामारी की है। विजिलेंस ने यहां से तथाकथित बेनामी संपत्ति मामले के दस्तावेजों के अलावा चार लैपटॉप, एक सीपीयू और एक मोबाइल जब्त किया है।
विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वन विभाग में एमडी रहते हुए गलत जानकारियां देकर लोन लेकर सरकार को चूना लगाया है। गैरकानूनी तरीके से एक बीघा जमीन पर आलीशान तीन मंजिला बंगला खड़ा कर दिया।
प्रारंभिक जांच में शिमला की टीम को आरोपी की संपत्ति ज्ञात स्रोतों से अधिक प्रतीत हो रही है। विजिलेंस भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कुल्लू के जांच अधिकारी प्रशांत ठाकुर ने बताया कि बेनामी संपत्ति जुटाने में वन विभाग के कुछ अन्य अधिकारी व कर्मचारियों का भी हाथ हो सकता है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी भी हो सकती है।