पुलिस की मुस्तैदी को ठेंगा दिखाते हुए हिमाचल के मंडी शहर के बीचों बीच इंदिरा मार्केट के पास कार सवार युवकों ने एक युवक को सरेआम दिनदहाड़े पीटते हुए अगवा करने की कोशिश की है। सरेराह युवक को जबरन गाड़ी में बिठाकर गाड़ी भगाने का भी प्रयास हुआ है। गनीमत है कि इस प्रकरण में किसी को चोटें नहीं आई हैं।
सुबह करीब दस बजे शातिरों ने इस वारदात को अंजाम देने की कोशिश की है। घटना के वक्त वहां पर लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई। भीड़ में कुछ लोगों ने अपहरण के इस प्रयास की वीडियो भी बना ली जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। बाजार में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। घटना का पता चलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने अपहरण का प्रयास कर रहे दो युवकों को हिरासत में ले लिया है, जिनकी शिनाख्त हो गई है। जबकि, एक आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। सिटी चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि आईपीसी की धारा 365, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
इंदिरा मार्केट में आईसीआईसी बैंक के सामने सिल्वर कलर की गाड़ी में काली और नीली शर्ट पहने दो युवक जबरन एक एक युवक को बालों से खींचकर कार के पिछले दरवाजे के अंदर धकेल रहे हैं। टांगों से पकड़कर युवक को जबरन गाड़ी में डालकर पिछला दरवाजा बंद करने की कोशिश की जा रही है। जबकि, चालक कार को आगे दौड़ा रहा है।
जिस युवक का अपहरण किया जा रहा था, पुलिस ने उसकी शिनाख्त कर ली है। युवक गोखड़ा निवासी अंशु ठाकुर है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए दो आरोपियों ने अंशु पर उनके दोस्त को गायब करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीसरे आरोपी युवक की तलाश भी शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कुलदीप निवासी सरकाघाट, हैप्पी निवासी धर्मपुर के रूप में हुई है।
यहां क्लिक कर देखें वीडियो