टूटीकंडी आईएसबीटी में एक बार फिर नेपालियों को अगवा कर लूट खसोट करने वाली गैंग सक्रिय हो गई है। ठियोग से नेपाल जाने के लिए आईएसबीटी शिमला पहुंचे लोक राज बहादुर को अगवा कर इस गैंग ने 20 हजार रुपये लूट लिए। लोक राज ठियोग के छैला में सोहन वर्मा के पास काम करता है।
सोहन वर्मा ने बताया कि लोकराज नेपाल जाने के लिए दोपहर करीब साढ़े बारह बजे आईएसबीटी पहुंचा था। यहां उसे कुछ अन्य नेपाली मिले और साथ चलने के लिए तैयार कर लिया। परवाणू के पास नेपालियों ने कार में लोक राज को बिस्कुट खाने को दिए जिसके बाद लोक राज बेहोश हो गया। होश आया तो परवाणू के पास सड़क किनारे जंगल में पड़ा था।
मामले की परवाणू पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। लोकराज के भाई की 6 दिसंबर को शादी है। बता दें कि एक नेपाली गैंग ने आईएसबीटी के समीप दो नेपालियों की हत्या कर सारा सामान लूट लिया था। इनके निशाने पर वह नेपाली होते हैं जो पैसा कमाकर नेपाल जा रहे होते हैं इनके साथ दोस्ती लगाते हैं और कोई नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लेते हैं।