दानोघाट में 24 साल के युवक हुकम चंद की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने रविवार को हंसराज पुत्र कर्म दास निवासी जाडनी जतोग शिमला को हत्या मामले में गिरफ्तार किया है। उसे कुनिहार क्षेत्र से धरा गया है। हत्या के बाद वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी धरपकड़ के लिए टीमें गठित की थीं।
पुलिस को अंदेशा है कि हुकम चंद के कत्ल के पीछे अवैध संबंध का शक है। मुख्य आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध थे, जिसके चलते 24 वर्षीय युवक का कत्ल किया गया है। यह इस मामले में दूसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले 35 वर्षीय युवक अमरचंद उर्फ बबलू पुत्र अभिराम निवासी घनाहट्टी शिमला को गिरफ्तार किया गया था। डीएसपी दाड़लाघाट नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि दोनों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
6 जुलाई को मिला था शव
युवक को घर के करीब ही मौत के घाट उतारा गया था। 6 जुलाई को दानोघाट से लगभग 500 मीटर दूरी पर पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया था। शव की पहचान आईडी कार्ड से स्थानीय युवक हुकम चंद पुत्र सतीश कुमार उम्र 24 वर्ष निवासी गांव री कोलका के रूप में हुई थी।
मृतक का एक हाथ था। बिजली का करंट लगने से उसकी एक बाजू चली गई थी। वह रविवार से घर नहीं आया था । मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन पर सूचित किया कि घासनी में शव पड़ा है। आरोपियों ने बताया कि है कि उन्होंने हुकम चंद को उसी के घर के करीब मारा गया।