तेंदुए को मारने के बाद शिकारी उसके नाखून और पैर भी काटकर ले गए। मामला हिमाचल के सिरमौर जिले का नाहन का है। मौके पर बंदूक से निकले छर्रे भी बरामद हुए हैं। वन विभाग ने पुलिस थाना नाहन में अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कौलांवालाभूड़ के वन आरक्षित क्यारी जंगल में गश्त के दौरान फॉरेस्ट गार्ड को एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को तेंदुए के शरीर पर लगे छर्रे भी मिले। तेंदुए के शव में कीड़े पड़ गए थे। आशंका है कि किसी शिकारी ने तेंदुए के अवैध शिकार किया है।
चारों पंजों को काटकर नाखून गायब
शिकारी ने तेंदुए को मारने के बाद चारों पंजों को काटकर नाखूनों को भी गायब कर दिया है। बहरहाल, वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले से पर्दा उठेगा। उधर, सैनवाला रेंज के बीट ऑफिसर राम कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान फॉरेस्ट गार्ड को तेंदुआ मृत मिला था।
बताया कि तेंदुए के शव में कीड़े पड़ गए थे। अंदेशा जताया जा रहा है कि छर्रे लगने बाद ही शव में कीड़े पड़े हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है। उधर, एचएचओ तिलकराज ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। अज्ञात शिकारियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।