गुड़िया गैंगरेप हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी आशीष चौहान को सोमवार सुबह करीब सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच ठियोग कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आशीष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब पांच आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। इन सभी का पुलिस रिमांड 20 जुलाई को खत्म होगा।
पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है लेकिन अभी तक कोई ठोस सबूत जांच टीम के हाथ नहीं लगा है। इसके अलावा दो संदिग्ध रोजाना कोटखाई थाने में हाजिरी भर रहे हैं। दोनों संदिग्धों के पहले फोटो वायरल हुए थे। पुलिस ने दोनों का मेडिकल भी कराया है। दोनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पुलिस को बताए बिना इलाका नहीं छोड़ सकते।
पुलिस की जांच अब फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिक गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपियों के बारे में स्थिति साफ हो पाएगी। उधर, सोमवार को भी पुलिस की एक टीम ने दिन भर दांदी जंगल की खाक छानी। हालांकि, जिस पिकअप में गुड़िया को बैठकर ले जाने का दावा किया जा रहा है, वह अभी तक महासू में खड़ी है। पुलिस ने इसे अभी तक कब्जे में नहीं लिया है।
गुम्मा में प्रदर्शन आज
कोटखाई तहसील की चौबीस पंचायतों के लोग मंगलवार को गुम्मा में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। ज्वाइंट एक्शन कमेटी जस्टिस फॉर गुड़िया के अध्यक्ष बालक राम चौहान ने बताया कि इसमें क्षेत्र के विधायक रोहित ठाकुर, चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा, पूर्व बागवानी नरेंद्र बरागटा, जिला परिषद सदस्य नीलम सरैईक, नगर निगम शिमला के पूर्व महापौर संजय चौहान भी शामिल होंगे।