हैलो, तेरे बेटे ने मेरी नाबालिग भतीजी को अगवा कर लिया है। मैं पुलिस में जा रहा हूं। अगर अपनी इज्जत बचाना चाहते हो तो 20 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। यह किसी फिल्म का डायलॉग नहीं बल्कि मिश्रवाला के व्यक्ति के साथ घटी सत्य घटना है। 20 लाख रुपये की फिरौती लेने के शातिर के मंसूबे पूरे नहीं हो पाए।
हिमाचल के सिरमौर जिले में पांवटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी व्यक्ति को धर दबोचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश हुए हैं। जानकारी के अनुसार मिश्रवाला निवासी रसीद अली पुत्र दसौंधी खान को चार जनवरी की शाम करीब पांच बजे फोन कॉल आई।
फोन करने वाले ने कहा कि उसके (रसीद अली) बेटे ने मेरी (आरोपी) नाबालिग लड़की को भगाया है। वह मेरी भतीजी है। वह पांवटा साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकने गई थी, जहां से तेरा बेटा नाबालिग को बहला फुसला कर विकासनगर ले गया है। धमकाने वाले ने कहा कि इसलिए फोन किया है कि आप इज्जतदार व्यक्ति हैं। पुलिस में मामला दर्ज होगा तो आपकी बेइज्जती होगी। यदि अपनी इज्जत बचाना चाहते हो तो 20 लाख रुपये का इंतजाम कर लो।
'पैसों को लिफाफे में डाल कर छिपा दो और यहां से चले जाओ'
पुलिस को दिए बयान में रसीद ने कहा है कि 6 जनवरी 2017 को करीब साढ़े 5 बजे उसी नंबर से फोन आया जिसमें 10 मिनट के भीतर 10 लाख लेकर क्यारदा होटल के सामने आने को कहा। जब, शिकायतकर्ता क्यारदा पहुंचा तो कहा कि आप क्यारदा पुल पर सड़क के किनारे जो दो बोर्ड लगे हैं, उसके बीच में पैसों को लिफाफे में डाल कर छिपा दो और यहां से चले जाओ। लिफाफा छिपा दिया।
साथ ही गांव के कुछ लोगों को निगरानी के लिए छिपा दिया लेकिन फिरौती की मांग करने वाले को कुछ भनक लग गई। मौके पर पैसे उठाने नहीं पहुंचा। उस जगह के आसपास ही पुरुवाला सड़क पर मुबारिक अली (28) पुत्र नूरदीन निवासी भगवानपुर मिला। जब उससे पूछा की कहां से आया व जा रहा है तो उसने कहा कि पुरुवाला स्मैक लेने जा रहा हूं।
शिकायतकर्ता ने कहा कि पूरा संदेह है कि फिरौती का ताना बाना इसी ने बुना है। पहले लड़के से लड़की की बातचीत करवाई। फिर उसका नाजायज फायदा उठा कर दबाव बना कर 20 लाख राशि की मांग रखी। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने कहा कि जो बात उस व्यक्ति ने मेरे से की उसकी बाकायदा रिकार्डिंग भी उसके पास उपलब्ध है।
डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा मिश्रवाला निवासी रसीद अली पुत्र दसौंदी खान की शिकायत पर आईपीसी की धारा-384 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है जिसमें भगवानपुर के आरोपी मुबारिक अली(28) पुत्र नूरदीन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
मोबाइल की खराबी से शिकंजे में फंसा शातिर
लड़कियों को अगवा करने के नाम पर लड़कों के परिवार वालों से फिरौती मांगने के मामले में पुलिस जांच से कई खुलासे होने वाले हैं। मिश्रवाला के एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये की मांग करने वाले युवक के बड़े गिरोह से तार जुड़े हुए हैं। पुलिस की अब तक की जांच में इसका खुलासा हुआ है। इस गिरोह में लड़कियां भी सदस्य हैं जो भोले-भाले युवकों को पहले अपने जाल में फंसाती है और बाद में गिरफ्तार किया गया कथित आरोपी युवकों के परिजनों से इज्जत बचाने के नाम पर फिरौती की मांग करता है।
खैर, पांवटा पुलिस की चतुराई और चौकसी से युवक दबोच लिया गया है। अब उसके गिरोह में काम करने वाली लड़कियों की पुलिस को तलाश है। शातिर ने कथित नाबालिग लड़की को युवक के साथ नववर्ष मनाने उत्तराखंड के विकासनगर भेजा। पूरा षडयंत्र रच कर इसके बाद युवक के पिता को फोन कर धमकाया।
इसके लिए 4 जनवरी को उत्तराखंड की ही मोबाइल सिम का इस्तेमाल 20 लाख की फिरौती मांग रखी लेकिन ठीक समय पर शिकायतकर्ता रसीद अली ने माजरा पुलिस चौकी प्रभारी एसआई हरमेश कुमार को सूचित कर दिया। नशेड़ी आरोपी ने फिरौती लेने का पूरी चतुराई के साथ षडयंत्र रचा था। मिश्रवाला के व्यक्ति से जब 20 लाख की फिरौती मांगी गई तो उसने इसकी शिकायत पुलिस में की। पुलिस ने तुरंत मोबाइल को सर्विलेंस पर लगा लिया।
ऐन वक्त पर आरोपी के मोबाइल का स्पीकर खराब हो गया। आरोपी ने सिम निकाल, बद्रीपुर मोबाइल शॉप पर सेट ठीक करवाने को दे दिया। मैकेनिक ने मोबाइल में अपना सिम डाला तो वह एक्टिवेट हो गया। मोबाइल के ईएमआई नंबर से उसकी लोकेशन का पता चला जिसके तहत पुलिस आरोपी तक पहुंची। उधर, एसपी सौम्या साम्बशिवन ने बताया कि इस मामले में फिरौती मांगने वाली बड़ी गैंग का हाथ होने की आशंका है। फिलहाल पुलिस को लड़की की तलाश है। लड़की मिलने पर और खुलासे भी हो सकते हैं।