हिमाचल के जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में एक एनजीओ की ओर से कथित फर्जी चेक के जरिये तीन करोड़ रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीएनबी के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कालाअंब थाना में स्पार्क नामक एनजीओ के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के आगरा की फर्म एके ट्रेडर्स का पंजाब नेशनल बैंक की कमलानगर शाखा में खाता है। बैंक खाता नंबर 1842002100048831 से जारी हुआ तीन करोड़ रुपये का चेक कालाअंब स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में क्लीयरेंस के लिए लगाया गया।
स्पार्क एनजीओ ने कथित तौर पर इस चेक को भुगतान के लिए पेश किया तो कालाअंब शाखा के प्रबंधक रूपेश कुमार ने इस बारे में पड़ताल की। पड़ताल के दौरान चेक के फर्जी होने की आशंका जताई गई। इसके बाद शाखा प्रबंधक ने खाता धारक एके पंवर से संपर्क किया तो उन्होंने इस तरह का चेक किसी एनजीओ को जारी करने से साफ इंकार कर दिया।
गौरतलब है कि बड़ी राशि के लेनदेन के वक्त शाखा प्रबंधक खाता धारक से जरूर संपर्क कर लेते हैं। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह चेक चेकबुक से गायब किया गया था या फिर फर्जी तरीके से बनाया गया था। इसकी जांच की जा रही है।
हालांकि, मामला फर्म और एनजीओ के मध्य लेनदेन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने कालाअंब शाखा के प्रबंधक रूपेश कुमार की शिकायत पर भादंसं की धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बैंक प्रबंधक ने तीन करोड़ रुपये का चेक और डिपॉजिट स्लिप भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर रोहित मालपानी ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन चल रही है। उसी के पश्चात सत्यता का पता चल सकेगा।