एक केस को दबाने के लिए बार बार पैसे मांग रहा हिमाचल पुलिस का एक एएसआई रंगे हाथ पकड़ा गया है। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में सोमवार को विजिलेंस की टीम ने एएसआई पाल सिंह पुत्र बीरगू राम गांव जिमजिमा जिला मंडी को तीस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार पाल सिंह जिला के निचार में बतौर एएसआई पुलिस विभाग में तैनात था और दलीप सिंह नामक व्यक्ति को अपने भाई के केस को आगे नहीं बढ़ाने के बदले तीस हजार रुपये की मांग कर रहा था। काफी दिनों तक इस तरह की मांग से परेशान दलीप सिंह ने आखिरकार विजिलेंस का दरवाजा खटखटाया।
प्लानिंग अनुसार विजिलेंस ने विशेष टीम गठित कर सोमवार को रिकांगपिओ थाने में तीस हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़कर अपने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि उक्त एएसआई सोमवार को किसी सरकारी कार्य के रिकांगपिओ थाने पहुंचा था, जहां विजिलेंस की टीम ने पूरी प्लानिंग के साथ जाल बिछा रखा था और आरोपी जाल में फंस गया।
सोमवार को पूरे दिन की छानबीन के बाद एएसआई को मंगलवार को सेशन कोर्ट रामपुर में पेश किया जाएगा। डीएसपी स्टेट विजिलेंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो सुरेश कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दलीप सिंह की शिकायत पर विजिलेंस की टीम ने सोमवार को एएसआई पाल सिंह को तीस हजार रुपये के रिश्वत के साथ पुलिस थाना रिकांगपिओ में रंगे हाथों पकड़ा है।