पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। लड़की सहित सभी युवक धीरा तहसील के तहत रहने वाले हैं, लेकिन यह घटना नगरोटा बगवां पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत घटी है। इसलिए मामला यहां दर्ज हुआ है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर सोमवार रात 12 बजे से सुबह तीन बजे के बीच यह गिरफ्तारियां की हैं। यह मामला चार जुलाई का है, लेकिन पीड़िता ने सोमवार को नगरोटा बगवां पुलिस थाना में उक्त मामले की शिकायत दर्ज करवाई है।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता चार जुलाई को अपने एक परिचित युवक के साथ जंगल गई थी। पहले से ही मौजूद कुछ युवकों ने वहां उनसे मारपीट की और युवक को भगा दिया। शिकायत के अनुसार नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया। इसकी वीडियो भी बनाई। एसएचओ श्याम लाल कौंडल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग का मेडिकल करवाया गया है। गिरफ्तार सभी युवकों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।